इस जानकारी को छोड़ दें

नौजवानों के सवाल

क्या जादू-टोने में कोई बुराई है?

क्या जादू-टोने में कोई बुराई है?

 आप क्या सोचते हैं?

  •   क्या भविष्य जानने के लिए तांत्रिकों से सलाह लेने में, मरे हुए लोगों से बात करने में या अपना राशिफल देखने में कोई बुराई है?

  •   क्या जादुई कहानियाँ सच होती हैं या यह सिर्फ मनगढ़ंत बाते हैं? क्या ऐसी बातें करना खतरनाक हो सकता है?

 इस लेख से आप जान पाएँगे कि क्यों जादू-टोने के काम आपको मज़ेदार लग सकते हैं, लेकिन आपको क्यों इनसे सावधान रहना चाहिए।

 आपको क्यों इस बारे में जानना चाहिए?

 आज मनोरंजन में बढ़-चढ़कर जादू-टोना दिखाया जाता है। फिर चाहे वे फिल्में हों, टीवी कार्यक्रम, वीडीयो-गेम्स या किताबें हों। इसका असर बहुत से नौजवानों पर हो रहा है और वे ज्योतिष-विद्या, जादू-टोने और तंत्र-मंत्र में दिलचस्पी ले रहे हैं। पर वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? ज़रा आगे बताए कारणों पर ध्यान दीजिए।

  •   जिज्ञासा: वे जानना चाहते हैं कि क्या भूत-प्रेत और दुष्ट स्वर्गदूत सच में होते हैं?

  •   चिंता: वे जानना चाहते हैं कि उनका भविष्य कैसा होगा?

  •   इच्छा: वे अपने उन अज़ीज़ों से बात करना चाहते हैं जिनकी मौत हो चुकी है।

 शायद ये कारण अपने-आप में गलत न हों। जैसे, हर कोई अपने भविष्य के बारे में जानना चाहता है और हमें अपने उन अज़ीज़ों की याद भी आती है जिनकी मौत हो चुकी है। लेकिन हमें सावधान रहना चाहिए क्योंकि ऐसा करना खतरनाक हो सकता है।

 आपको क्यों इससे सावधान रहना चाहिए?

 बाइबल साफ-साफ बताती है कि हमें जादू-टोने से जुड़े हर काम से दूर रहना चाहिए। जैसे, इसमें लिखा है,

 “तुममें ऐसा कोई न हो जो... ज्योतिषी का काम करता है, जादू करता है, शकुन विचारता है, टोना-टोटका करता है, मंत्र फूँककर किसी को काबू में करता है, भविष्य बताता है, मरे हुओं से संपर्क करने का दावा करता है या उससे पूछताछ करता है। जो कोई ऐसे काम करता है वह यहोवा की नज़र में घिनौना है।”—व्यवस्थाविवरण 18:10-12.

 बाइबल जादू-टोने को गलत क्यों बताती है?

  •   बाइबल सिखाती है कि जब कुछ स्वर्गदूतों ने परमेश्‍वर की बात नहीं मानी तो वे उसके दुश्‍मन बन गए। (उत्पत्ति 6:2; यहूदा 6) इन्हीं बुरे स्वर्गदूतों को बाइबल दुष्ट स्वर्गदूत कहती है, जो आज अलग-अलग तरीकों से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जैसे, ज्योतिषियों के ज़रिए भविष्य जानने की कोशिश करना या तांत्रिकों के ज़रिए भूत-प्रेतों से संपर्क करना। इसलिए जब भी हम कोई ऐसा काम करते हैं, तो असल में हम दुष्‌ट स्वर्गदूतों के यानी परमेश्‍वर के दुश्‍मनों के संपर्क में आते हैं।

  •   जादू-टोना इस झूठ को बढ़ावा देता है कि इंसान खुद अपना भविष्य जान सकता है। लेकिन असल में सिर्फ परमेश्‍वर ही भविष्य के बारे में जानता है। वह कहता है, “अंत में क्या होगा यह मैं शुरू में ही बता देता हूँ और जो बातें अब तक नहीं हुईं, उन्हें बहुत पहले से बता देता हूँ।”—यशायाह 46:10; याकूब 4:13, 14.

  •   जादू-टोना इस झूठ को भी बढ़ावा देता है कि मरे हुए लोग हमसे बात कर सकते हैं जबकि बाइबल में लिखा है, “मरे हुए लोग कुछ भी नहीं जानते... कब्र में न कोई काम है न सोच-विचार, न ज्ञान, न ही बुद्धि।”—सभोपदेशक 9:5, 10.

 इसलिए यहोवा के साक्षी जादू-टोने से जुड़ा कोई काम नहीं करते। वे ऐसा मनोरंजन भी नहीं करते जिसमें आत्माओं और भूत-प्रेतों के बारे में दिखाया जाता है। मारिया नाम की एक लड़की कहती है, “मैं ऐसी कोई फिल्म या टीवी कार्यक्रम नहीं देखती जिसमें भूत-प्रेतों के बारे में या उनसे जुड़ी किसी भी चीज़ के बारे में दिखाया जाता है।” a

जैसे एक चोर अपनी पहचान बदलकर आपसे बात कर सकता है, उसी तरह दुष्‌ट स्वर्गदूत भी हमारे उन अज़ीज़ों की आवाज़ में हमसे बात कर सकते हैं जो अब नहीं रहे।

 आप क्या कर सकते हैं?

  •   जादू-टोने से जुड़ा कोई काम या मनोरंजन मत कीजिए ताकि आप साफ ज़मीर के साथ यहोवा परमेश्‍वर की उपासना कर सकें।—प्रेषितों 24:16.

  •   बाइबल में दी पहली सदी के मसीहियों की अच्छी मिसाल पर चलिए। (प्रेषितों 19:19, 20) अगर आपके पास भी जादू-टोने से जुड़ी कोई चीज़ है तो उसे नष्ट कर दीजिए।

 याद रखिए: जब भी आप जादू-टोने से जुड़ा मनोरंजन या कोई काम नहीं करते तो आप दिखाते हैं कि आप यहोवा परमेश्‍वर के साथ हैं और उसका दिल खुश करना चाहते हैं।—नीतिवचन 27:11.

a इसका मतलब यह नहीं कि सभी काल्पनिक कहानियाँ जादू-टोने के बारे में होती हैं। लेकिन मसीही बाइबल से अपने ज़मीर को सिखाते हैं और ऐसे हर काम और मनोरंजन से दूर रहते हैं जिसमें जादू-टोने दिखाया जाता है।—2 कुरिंथियों 6:17; इब्रानियों 5:14.