इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

आनेवाला कल सुनहरा होगा!

आनेवाला कल सुनहरा होगा!

 क्या आपको लगता है कि आनेवाला कल अच्छा होगा? कुछ लोग मानते हैं कि आगे सबकुछ ठीक हो जाएगा। आज भले ही उनके जीवन में बहुत-सी परेशानियाँ हैं, फिर भी वे उम्मीद नहीं खोते। लेकिन क्या सच में आनेवाला कल अच्छा होगा? ज़रूर होगा। बाइबल में लिखा है कि आगे चलकर हम सबको एक खुशहाल जीवन मिलेगा।

 बाइबल में आनेवाले कल के बारे में क्या लिखा है?

 आज लोगों की ज़िंदगी में बड़ी-बड़ी परेशानियाँ हैं। बाइबल में लिखा है कि ये परेशानियाँ हमेशा तक नहीं रहेंगी। बहुत जल्द ये खत्म हो जाएँगी। बाइबल में लिखी कुछ बातों पर गौर कीजिए।

  •   समस्या: घर नहीं है

     बाइबल में लिखा है: “वे घर बनाकर उसमें बसेंगे।”—यशायाह 65:21.

     आनेवाला कल: सबका अपना-अपना घर होगा।

  •   समस्या: गरीब हैं, नौकरी नहीं है

     बाइबल में लिखा है: “मेरे चुने हुए अपनी मेहनत के फल का पूरा-पूरा मज़ा लेंगे।”—यशायाह 65:22.

     आनेवाला कल: सबके पास ऐसा काम होगा जिससे उन्हें खुशी मिलेगी।

  •   समस्या: अन्याय

     बाइबल में लिखा है: “हाकिम न्याय से शासन करेंगे।”—यशायाह 32:1.

     आनेवाला कल: जात-पात या अमीरी-गरीबी को लेकर किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सबको बराबर हक मिलेगा।

  •   समस्या: खाना नहीं मिलता

     बाइबल में लिखा है: “धरती पर बहुतायत में अनाज होगा, पहाड़ों की चोटियों पर अनाज की भरमार होगी।”—भजन 72:16.

     आनेवाला कल: सबको अच्छा खाना मिलेगा। खाने-पीने की कोई कमी नहीं होगी। किसी को भी भूखे पेट नहीं सोना पड़ेगा।

  •   समस्या: जुर्म और खून-खराबा

     बाइबल में लिखा है: “हर कोई अपनी अंगूरों की बेल और अपने अंजीर के पेड़ तले बैठेगा और कोई उसे नहीं डराएगा।”—मीका 4:4.

     आनेवाला कल: लोगों को किसी बात का डर नहीं होगा, क्योंकि बुरे लोग होंगे ही नहीं। सिर्फ “नेक लोग धरती के वारिस होंगे।”—भजन 37:10, 29.

  •   समस्या: युद्ध

     बाइबल में लिखा है: “एक देश दूसरे देश पर फिर तलवार नहीं चलाएगा और न लोग फिर कभी युद्ध करना सीखेंगे।”—यशायाह 2:4.

     आनेवाला कल: दुनिया में चारों तरफ शांति होगी। (भजन 72:7) युद्ध नहीं होगा, तो कोई मारा नहीं जाएगा और अपनों को खोने का गम नहीं होगा। किसी को युद्ध के डर से अपना इलाका छोड़कर कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।

  •   समस्या: बीमारी

     बाइबल में लिखा है: “देश का कोई निवासी न कहेगा, ‘मैं बीमार हूँ।’”—यशायाह 33:24.

     आनेवाला कल: कोई भी अपंग या बीमार नहीं होगा। (यशायाह 35:5, 6) बाइबल में यह भी लिखा है कि ‘मौत नहीं रहेगी।’—प्रकाशितवाक्य 21:4.

  •   समस्या: पृथ्वी और उसके वातावरण को नुकसान हो रहा है

     बाइबल में लिखा है: “वीराना और सूखा मैदान खुशी से झूम उठेगा, बंजर ज़मीन खुशियाँ मनाएगी, केसर के बाग की तरह खिल उठेगी।”—यशायाह 35:1.

     आनेवाला कल: पूरी धरती खूबसूरत बाग की तरह बन जाएगी और सब लोग खुशी से रहेंगे। शुरू में जब ईश्‍वर ने धरती बनायी, तो उसने यही चाहा था।—उत्पत्ति 2:15; यशायाह 45:18.

 बाइबल में जो लिखा है क्या उसे हम सच मान सकते हैं?

 शायद आप सोचें कि बाइबल में आनेवाले कल के बारे में जो भी लिखा है वह बस एक सपना है। लेकिन हम आपको बढ़ावा देना चाहते हैं कि इस बारे में आप और जानने की कोशिश करें। क्यों? क्योंकि बाइबल में जो भी लिखा है वह ईश्‍वर ने लिखवाया है। ईश्‍वर के वादों और इंसानों के वादों में फर्क है। आइए देखें कि हम ईश्‍वर के वादों को क्यों सच मान सकते हैं।

  •   ईश्‍वर भरोसेमंद है। बाइबल में लिखा है कि ईश्‍वर “झूठ नहीं बोल सकता।” (तीतुस 1:2) और सिर्फ वही ठीक-ठीक बता सकता है कि आनेवाला कल कैसा होगा। (यशायाह 46:10) बाइबल में इस बात के कई सबूत हैं कि ईश्‍वर आगे के बारे में जो भी बताता है वह सच होता है। ज़्यादा जानकारी के लिए हम क्यों यकीन कर सकते हैं कि बाइबल परमेश्‍वर की तरफ से है?  वीडियो देखिए।

  •   ईश्‍वर के पास हमारी परेशानियाँ दूर करने की ताकत है। बाइबल में लिखा है कि ईश्‍वर ‘जो भी चाहता है वह कर’ सकता है। (भजन 135:5, 6) इसका मतलब है कि ईश्‍वर को अपने वादे पूरा करने से कोई नहीं रोक सकता। और ईश्‍वर चाहता भी है कि वह हमारी तकलीफें दूर करे, क्योंकि वह हमसे प्यार करता है।—यूहन्‍ना 3:16.

 अब आपके मन में सवाल उठ सकता है, ‘अगर ईश्‍वर हमारी तकलीफें दूर करना चाहता है और उसके पास ताकत भी है, तो फिर वह कुछ करता क्यों नहीं? हमें इतनी तकलीफें क्यों झेलनी पड़ती हैं?’ जवाब के लिए परमेश्‍वर ने दुख-तकलीफें क्यों रहने दी हैं?  नाम का वीडियो देखिए।

 यह सब कैसे होगा?

 ईश्‍वर अपने वादे पूरा करने के लिए अपनी एक सरकार यानी राज लाएगा। यह सरकार स्वर्ग से धरती पर हुकूमत करेगी। ईश्‍वर ने यीशु मसीह को इस राज का राजा बनाया है। उसने यीशु को धरती की देखरेख करने और लोगों की परेशानियाँ दूर करने की शक्‍ति दी है। बहुत पहले जब यीशु इंसान बनकर धरती पर आया था, तो उसने कई लोगों की तकलीफें दूर की थीं। उसने बीमारों के ठीक किया, भूखे लोगों को खाना खिलाया, आँधी-तूफान को शांत किया, यहाँ तक कि मरे हुओं को ज़िंदा किया। (मरकुस 4:39; 6:41-44; लूका 4:40; यूहन्‍ना 11:43, 44) इस तरह उसने दिखाया कि भविष्य में जब वह राजा बनेगा और धरती पर ईश्‍वर का राज होगा, तो वह क्या-क्या करेगा।

 ईश्‍वर के राज से आपको क्या-क्या खुशियाँ मिलेंगी, इस बारे में जानने के लिए परमेश्‍वर का राज क्या है?  नाम का वीडियो देखिए।

 यह सब कब होगा?

 बहुत जल्द! हम कैसे यकीन कर सकते हैं? बाइबल में लिखा है कि दुनिया में कुछ ऐसी घटनाएँ होंगी जिन्हें देखकर हम जान सकते हैं कि ईश्‍वर धरती पर राज शुरू करनेवाला है। (लूका 21:10, 11) और आज दुनिया में वही घटनाएँ हो रही हैं।

 ज़्यादा जानने के लिए “यह राज धरती पर कब हुकूमत करेगा?” लेख पढ़िए।

 भविष्य में जो होगा वह जानकर आज आपको कैसे हिम्मत मिल सकती है?

 बाइबल में लिखा है कि एक अच्छे भविष्य की आशा “ज़िंदगी के लिए एक लंगर” की तरह है। (इब्रानियों 6:19) एक लंगर तूफान में जहाज़ को सँभाले रखता है। उसी तरह जब हमारे पास यह आशा है कि आगे चलकर हमें एक बढ़िया ज़िंदगी मिलेगी, तो यह आशा आज हमें ज़िंदगी की परेशानियों को झेलने की हिम्मत दे सकती है। एक अच्छे भविष्य की आशा होने की वजह से हम मुश्‍किलों के समय बहुत ज़्यादा चिंता नहीं करेंगे, सही-सही सोच पाएँगे और यहाँ तक कि बीमार होने से बचेंगे।—1 थिस्सलुनीकियों 5:8.