इस जानकारी को छोड़ दें

पूरी दुनिया में कितने यहोवा के साक्षी हैं?

पूरी दुनिया में कितने यहोवा के साक्षी हैं?

2023 रिपोर्ट

पूरी दुनिया में यहोवा के साक्षियों की गिनती

88,16,562

मंडलियाँ

1,18,177

यहोवा के साक्षी कितने देशों में प्रचार करते हैं

239

2023 कुल संख्या

2023 देशों और क्षेत्रों की रिपोर्ट

आप यहोवा के साक्षियों की गिनती कैसे करते हैं?

 हम सिर्फ उन लोगों को यहोवा के साक्षियों में गिनते हैं जो हर महीने परमेश्‍वर के राज की खुशखबरी सुनाने के काम में हिस्सा लेते हैं। (मत्ती 24:14) इनमें बपतिस्मा पाए साक्षियों के साथ-साथ वे लोग भी शामिल हैं जिनका अब तक बपतिस्मा नहीं हुआ है, लेकिन जो प्रचार में हिस्सा लेने के योग्य बनते हैं।

क्या साक्षी बनने के लिए एक व्यक्‍ति को पैसा दान करना होता है?

 नहीं। दान देकर कोई भी व्यक्‍ति साक्षी नहीं बनता, न ही इससे उसे हमारे संगठन में कोई ज़िम्मेदारी या काम मिलता है। (प्रेषितों 8:18-20) दरअसल ज़्यादातर मामलों में किसी को पता नहीं होता कि किसने कितना दान किया है। पूरी दुनिया में हो रहे प्रचार काम को आगे बढ़ाने के लिए हर साक्षी अपनी इच्छा और हालात के मुताबिक अपना समय, ताकत और साधन लगाता है।​—2 कुरिंथियों 9:7.

आप कैसे जानते हैं कि कितने साक्षी प्रचार कर रहे हैं?

 हर महीने, साक्षी अपने प्रचार काम के बारे में अपनी स्थानीय मंडली में रिपोर्ट डालते हैं। वे अपनी मरज़ी से यह रिपोर्ट डालते हैं।

 फिर मंडली इन रिपोर्ट में दिए आँकड़े जोड़ती है और उनकी कुल गिनती अपने देश के शाखा दफ्तर को भेजती है। हर शाखा दफ्तर अपने देश या इलाके की कुल संख्या हमारे विश्‍व मुख्यालय को भेजता है।

 हर सेवा साल a के आखिर में हिसाब लगाया जाता है कि उस साल के दौरान हर देश में साक्षियों का शिखर कितना था। फिर इन आँकड़ों को जोड़कर पता लगाया जाता है कि पूरी दुनिया में कितने साक्षी हैं। हमारी वेबसाइट पर “पूरी दुनिया के कोने-कोने में” भाग में हर देश के बारे में बारीक रिपोर्ट दी जाती है। इन्हें पढ़कर हमारा हौसला बढ़ता है, ठीक जैसे अच्छी रिपोर्ट मिलने पर शुरू के मसीहियों का हौसला बढ़ा था।​—प्रेषितों 2:41; 4:4; 15:3.

क्या आप उन लोगों को गिनते हैं, जो आपके संगठन के साथ संगति करते हैं लेकिन प्रचार नहीं करते?

 हालाँकि हम इन लोगों को साक्षियों में नहीं गिनते लेकिन अपनी मंडलियों में इनका स्वागत ज़रूर करते हैं। इनमें से ज़्यादातर लोग हर साल मसीह की मौत के स्मारक में हाज़िर होते हैं। इस सभा की कुल हाज़िरी से अगर हम साक्षियों की गिनती अलग करें, तो हमें पता चल जाएगा कि इन लोगों की गिनती लगभग कितनी है। सन्‌ 2023 में स्मारक की हाज़िरी 2,04,61,767 थी।

 बहुत-से लोग हमारी सभाओं में नहीं आते लेकिन बाइबल का अध्ययन करते हैं, जिसके लिए हम उनसे कोई पैसे नहीं लेते। सन्‌ 2023 में हमने हर महीने औसतन 72,81,212 बाइबल अध्ययन चलाए। इनमें से कुछ अध्ययन ऐसे थे, जिनमें एक नहीं बल्कि कई लोग बैठते हैं।

सरकार के रिकॉर्ड में साक्षियों की गिनती आपकी बतायी गिनती से ज़्यादा क्यों है?

 सरकार की तरफ से सर्वे लेनेवाले विभाग आम तौर पर लोगों से पूछते हैं कि वे किस धार्मिक समूह से हैं और इसे रिकॉर्ड करते हैं। मिसाल के लिए, अमरीका जनगणना विभाग बताता है कि “वे यह पता करना चाहते हैं कि सर्वे में हिस्सा लेनेवाले खुद को किस धार्मिक समुदाय का मानते हैं।” विभाग यह भी बताता है कि “लोगों ने अपनी जो राय दी, उसके आधार पर ही” ये आँकड़े दिए गए हैं। लेकिन हम सिर्फ उन लोगों को यहोवा के साक्षियों में गिनते हैं जो प्रचार करते हैं और प्रचार की रिपोर्ट डालते हैं, उन लोगों को नहीं जो सिर्फ खुद को साक्षी कहते हैं।

a सेवा साल 1 सितंबर से लेकर अगले साल के 31 अगस्त तक होता है। मिसाल के लिए, 2015 का सेवा साल 1 सितंबर, 2014 से लेकर 31 अगस्त, 2015 तक था।